रांची
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को रांची स्थित सदर अस्पताल में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान का राज्यस्तरीय शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य को सशक्त परिवार और समाज की नींव बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक X (Twitter) अकाउंट से पोस्ट करते हुए लिखा, “आज रांची स्थित सदर अस्पताल में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान के राज्यस्तरीय शुभारंभ हेतु कार्यक्रम में शामिल हुआ। इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं और जोहार।” इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक लाइव ब्रॉडकास्ट लिंक भी साझा किया, जिसके जरिए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।

अभियान का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाना है। केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर शुरू किए गए इस कार्यक्रम में एनीमिया मुक्त भारत, कैंसर स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और बच्चों में कुपोषण रोकने जैसे मुद्दों पर खास फोकस किया गया है। झारखंड में यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस अवधि में स्वास्थ्य विभाग राज्यभर में कैंपों और विशेष कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं और बच्चियों को स्वास्थ्य जांच और परामर्श उपलब्ध कराएगा।
